खेलों की नई राजधानी बनेगा उत्तराखंड! रेखा आर्य बोलीं – स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी बनेगी देश का आदर्श मॉडल

 

 

 

देहरादून : उत्तराखंड सरकार खेल क्षेत्र में एक बड़ा कदम उठाने जा रही है। प्रदेश में प्रस्तावित खेल विश्वविद्यालय को देश का सर्वश्रेष्ठ मॉडल बनाने की तैयारियाँ अब अंतिम चरण में हैं। खेल मंत्री रेखा आर्य ने देहरादून स्थित खेल निदेशालय में अधिकारियों के साथ अहम बैठक कर इस दिशा में तेज़ी से काम करने के निर्देश दिए।

खेल मंत्री ने स्पष्ट किया कि देशभर के सभी खेल विश्वविद्यालयों के वर्किंग मॉडल, कोर्सेस और स्टाफ स्ट्रक्चर का अध्ययन कर उत्तराखंड के लिए बेहतर और प्रगतिशील यूनिवर्सिटी मॉडल तैयार किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि विश्वविद्यालय में ज़रूरी पदों को भरने के लिए शासन से तत्काल अनुमति ली जाए और कोर्स को UGC से मान्यता दिलाने की प्रक्रिया शुरू की जाए।

राष्ट्रीय खेल दिवस पर होगा शिलान्यास

रेखा आर्य ने जानकारी दी कि खेल विश्वविद्यालय के प्रस्ताव पर वन विभाग की आपत्तियों का समाधान कर लिया गया है और अब लक्ष्य है कि 29 अगस्त, राष्ट्रीय खेल दिवस पर इसका भव्य शिलान्यास हो।

पदक विजेताओं को मिलेगा इनाम और नौकरी!

रेखा आर्य ने बताया कि 38वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के लिए पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के लिए ₹15 करोड़ की इनाम राशि मंजूर की जा चुकी है। खिलाड़ियों से आवेदन प्राप्त हो चुके हैं और यह इनाम राशि भी 29 अगस्त को ही दी जाएगी।

साथ ही, 1 जुलाई 2024 से 31 मार्च 2025 तक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रदेश के लिए पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को भी इनाम की घोषणा की गई है।

400 से अधिक पदों पर होगी सीधी भर्ती

खेल मंत्री ने घोषणा की कि पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न नियुक्ति देने के लिए 400 से अधिक अधिसंख्य पद विभिन्न विभागों में सृजित किए जाएंगे। इससे सभी पात्र खिलाड़ियों को एक साथ नौकरी देने का रास्ता खुलेगा।

प्रोत्साहन योजनाओं की राशि भी जल्द

रेखा आर्य ने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना और प्रोत्साहन योजना के तहत चयनित युवाओं को प्रोत्साहन राशि एक सप्ताह के भीतर DBT के माध्यम से जारी कर दी जाएगी। खिलाड़ियों का डाटा और बैंक विवरण अपडेट हो चुके हैं।

(Visited 2,513 times, 1 visits today)