सात जिंदगियों का अंत… पंचकूला में देहरादून के पूरे परिवार की सामूहिक आत्महत्या से मचा हड़कंप!

 

 

 

TMP : हरियाणा के पंचकूला से एक दिल को झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। देहरादून निवासी एक ही परिवार के सात लोगों ने सामूहिक आत्महत्या कर ली। यह भयावह घटना सेक्टर-27 में घटी, जहां एक कार में सभी के शव मिले।

मृतकों में परिवार के मुखिया प्रवीण मित्तल (42 वर्ष), उनकी पत्नी, माता-पिता, दो बेटियाँ और एक बेटा शामिल हैं। परिवार हाल ही में पंचकूला में आयोजित बागेश्वर धाम की हनुमंत कथा में शामिल हुआ था। सूत्रों के अनुसार, कथा से लौटते वक्त सभी ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली।

आर्थिक तंगी बनी जानलेवा वजह

पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें भारी कर्ज और आर्थिक तंगी को आत्महत्या की मुख्य वजह बताया गया है। परिवार लंबे समय से मानसिक तनाव में था, और लगता है उन्होंने एक साथ दुनिया को अलविदा कहने का फैसला कर लिया।

जांच में जुटी पुलिस, फॉरेंसिक टीम सक्रिय

घटना की सूचना मिलते ही पंचकूला डीसीपी हिमाद्री कौशिक और लॉ एंड ऑर्डर डीसीपी अमित दहिया मौके पर पहुंचे। पुलिस और फॉरेंसिक टीमें सक्रिय हैं, मौके से साक्ष्य और सैंपल इकट्ठा किए जा चुके हैं। पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच की जा रही है ताकि आत्महत्या के पीछे की हर परत को खोला जा सके।

मानवता को झकझोर देने वाला मामला

यह घटना न सिर्फ एक परिवार की दुखद समाप्ति है, बल्कि सामाजिक और आर्थिक दबाव में फंसे आम आदमी की बेबस पुकार भी है। यह सवाल छोड़ती है कि ऐसे हालात में मदद का हाथ क्यों नहीं पहुंच पाया?

(Visited 2,861 times, 1 visits today)