धामी ने पर्यावरण मंत्री से की बड़ी सौदेबाज़ी: जल विद्युत, रोपवे और योग पर्यटन के लिए मांगा समर्थन

 

 

 



TMP : उत्तराखंड को ऊर्जा, रोजगार और पर्यटन के क्षेत्र में नई उड़ान देने की दिशा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को नई दिल्ली में केंद्रीय वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेन्द्र यादव से मुलाकात की। इस भेंट में मुख्यमंत्री ने राज्य की दो प्रमुख जल विद्युत परियोजनाओं—त्यूनी-प्लासू (72 मेगावाट) और रुपसियाबगड़ (120 मेगावाट)—के लिए वन भूमि हस्तांतरण और पर्यावरणीय स्वीकृति शीघ्र दिलाने का आग्रह किया।

मुख्यमंत्री धामी ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि राज्य की बिजली ज़रूरतें दूसरे राज्यों और केंद्रीय ग्रिड पर निर्भर हैं, और ऐसे में पर्यावरणीय दृष्टिकोण से सुरक्षित जल विद्युत परियोजनाएं समय की मांग हैं। इन परियोजनाओं से न केवल राज्य को ऊर्जा आत्मनिर्भरता मिलेगी, बल्कि स्थानीय लोगों को रोजगार, आर्थिक विकास और पलायन की समस्या पर भी प्रभावी अंकुश लगेगा।

रणनीतिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण परियोजनाएं

धामी ने बताया कि टौंस नदी पर प्रस्तावित त्यूनी-प्लासू परियोजना के लिए 47.547 हेक्टेयर वन और राजस्व भूमि तथा गौरीगंगा नदी पर प्रस्तावित रुपसियाबगड़ परियोजना के लिए 29.997 हेक्टेयर वन भूमि की तत्काल स्वीकृति आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सामरिक दृष्टिकोण से सीमावर्ती क्षेत्रों में इस प्रकार की परियोजनाएं बेहद अहम हैं।

धार्मिक पर्यटन को भी मिला जोर

मुख्यमंत्री ने ऋषिकेश से नीलकंठ महादेव मंदिर तक प्रस्तावित रोपवे योजना को राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड से स्वीकृति दिलाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यह योजना धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ ट्रैफिक दबाव कम करने और स्थानीय लोगों की आजीविका बेहतर करने में सहायक होगी।

‘बीटल्स आश्रम’ को फिर मिलेगा जीवन

धामी ने चौरासी कुटिया (बीटल्स आश्रम) के पुनरुद्धार में केंद्र सरकार से सहयोग मांगा और कहा कि इससे ऋषिकेश को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर योग और सांस्कृतिक पर्यटन का केंद्र बनाने में मदद मिलेगी।

वनाग्नि से जूझ रहा उत्तराखंड, मांगी विशेष सहायता

मुख्यमंत्री ने वनाग्नि प्रबंधन के लिए 404 करोड़ रुपये की विशेष सहायता की मांग करते हुए कहा कि बढ़ती आग की घटनाएं राज्य की जैव विविधता और पर्यावरण के लिए खतरा बनती जा रही हैं। उन्होंने इस प्रस्ताव को कैम्पा योजना के तहत मंजूरी देने का आग्रह किया।

केंद्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव ने मुख्यमंत्री धामी को आश्वासन दिया कि उनके सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक विचार कर जल्द निर्णय लिया जाएगा।

(Visited 402 times, 1 visits today)