रुद्रपुर : जिले के पंतनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत टांडा के जंगल में उस वक्त सनसनी फैल गई जब सड़क किनारे एक युवक का शव पड़ा हुआ मिला। वन विभाग के कर्मचारियों ने शव को देखकर तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
शव की पहचान अब तक नहीं हो पाई है, और ना ही उसके पास से कोई पहचान पत्र मिला है। लेकिन शुरुआती जांच में गले पर रस्सी के गहरे निशान और चेहरे पर चोट के निशान मिलने के चलते हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस का मानना है कि हत्या कहीं और की गई हो सकती है और फिर शव को ठिकाने लगाने के लिए जंगल में फेंका गया है।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और पूरे घटनाक्रम की गहराई से जांच के लिए विशेष टीम का गठन कर दिया गया है। वहीं, एसपी क्राइम निहारिका तोमर ने भी मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होता है, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और पीएम रिपोर्ट के आधार पर मौत के कारणों की पुष्टि होगी।
पुलिस की टीमें मृतक की शिनाख्त के लिए आसपास के इलाकों में लापता व्यक्तियों की रिपोर्टों की भी छानबीन कर रही हैं। साथ ही सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल्स के आधार पर भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
घटना ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है और लोगों में भी कई सवाल उठने लगे हैं कि आखिर युवक की हत्या किसने और क्यों की? पुलिस ने जल्द ही इस रहस्य से पर्दा उठाने का भरोसा दिलाया है।
