मसूरी में बड़ा हादसा टला: पर्यटकों की कार खाई में गिरी, पेड़ों ने बचाई 6 जिंदगियां

 

 

मसूरी: उत्तराखंड के प्रसिद्ध हिल स्टेशन मसूरी में सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा टल गया, जब हाथीपांव-क्लाउडएंड रोड पर एक इनोवा कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। कार में पंजाब के 6 पर्यटक सवार थे, जो चमत्कारिक रूप से सुरक्षित बच गए।

हादसा सोमवार दोपहर का है, जब कार (संख्या PB 11 AK 3131) क्लाउडएंड से मसूरी की ओर लौट रही थी। तभी अचानक एक टायर फिसला और कार सीधे सड़क से नीचे लुढ़क गई। गनीमत रही कि खाई में गिरने के दौरान कार पेड़ों पर अटक गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

घटना की सूचना मिलते ही मसूरी थाना और हैप्पी वैली चौकी की पुलिस टीम रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह कुंवर ने बताया कि सभी यात्रियों को रेस्क्यू कर सुरक्षित अस्पताल भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें खतरे से बाहर घोषित किया गया।

कार सवारों की पहचान तनजोत, तरमनजोत, सहज सिंह, नवजोत सिंह, गुरु सेवक सिंह और परमजोत सिंह के रूप में हुई है। ये सभी पंजाब के राजपुरा के निवासी हैं और मसूरी घूमने आए थे।

पुलिस ने बताया कि खराब मौसम, बारिश और कोहरे के कारण पहाड़ी सड़कों पर फिसलन बढ़ जाती है, ऐसे में पर्यटकों से सतर्कता बरतने की अपील की गई है। स्थानीय प्रशासन ने फिर चेताया है कि खासकर मानसून के मौसम में पहाड़ी मार्गों पर यात्रा करते समय विशेष सावधानी बरतें, ताकि ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।

(Visited 345 times, 1 visits today)