नई दिल्ली: पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के इस्तीफे के बाद उठे कयासों पर विराम लग गया है। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शनिवार को घोषणा की कि एनडीए की ओर से सर्वसम्मति से महाराष्ट्र के मौजूदा राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन को उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार चुना गया है।
आखिर कौन है सीपी राधाकृष्णन
मूल रूप से तमिलनाडु के रहने वाले राधाकृष्णन का राजनीतिक जीवन लंबा और अनुभवपूर्ण रहा है। महज 16 साल की उम्र में उन्होंने आरएसएस से जुड़कर सार्वजनिक जीवन की शुरुआत की और बाद में भाजपा में सक्रिय हुए। वह दो बार कोयंबटूर से लोकसभा सांसद रह चुके हैं और भाजपा तमिलनाडु प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर भी संगठन की जिम्मेदारी निभा चुके हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि की बात करें तो उन्होंने 1978 में मदुरै विश्वविद्यालय से बीबीए की पढ़ाई पूरी की थी। हल्की-फुल्की देनदारियों के बावजूद उनकी कुल संपत्ति 67 करोड़ रुपये से अधिक बताई जाती है।
राजनीतिक समझ, संगठनात्मक अनुभव और प्रशासनिक पृष्ठभूमि को देखते हुए माना जा रहा है कि उपराष्ट्रपति पद के लिए सीपी राधाकृष्णन ही सबसे प्रबल दावेदार हैं।
