मुख्य सचिव आनंद बर्धन की अध्यक्षता में व्यय-वित्त समिति की बैठक, कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं को मंजूरी

 

 

 

 

देहरादून: मुख्य सचिव आनंद बर्धन की अध्यक्षता में सचिवालय में व्यय-वित्त समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य के विभिन्न जनपदों से संबंधित महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं पर विचार करते हुए उन्हें स्वीकृति प्रदान की गई।

बैठक में कई अहम योजनाओं को मंजूरी दी गई। अमृत 2.0 के ट्रांच-2 के अंतर्गत सहस्त्रधारा पेयजल योजना को स्वीकृति दी गई, जिसका क्रियान्वयन उत्तराखंड जल संस्थान द्वारा किया जाएगा। इसके अलावा पौड़ी गढ़वाल जिले के द्वारीखाल/एकेश्वर विकासखंड के अंतर्गत सतपुली बैराज के निर्माण (पुनरीक्षित) प्रस्ताव को भी मंजूरी प्रदान की गई।

इसी क्रम में नैनीताल जिले के हल्द्वानी स्थित फायर स्टेशन में टाइप-द्वितीय, टाइप-तृतीय और टाइप-चतुर्थ श्रेणी के कुल आवासों के निर्माण को स्वीकृति दी गई। वहीं देहरादून के डांडा लखौंड क्षेत्र में सहस्त्रधारा रोड पर शहरी विकास निदेशालय के कार्यालय भवन के निर्माण के प्रस्ताव को भी अनुमोदन प्रदान किया गया।

इसके अतिरिक्त रुद्रपुर नगर निगम के मुख्य कार्यालय भवन के पुनर्निर्माण के कार्य को भी स्वीकृति प्रदान की गई।

बैठक के दौरान मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि स्वीकृत योजनाओं का क्रियान्वयन व्यवहारिक, मितव्ययी, पारदर्शी और गुणवत्ता-परक तरीके से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी परियोजनाओं को तय समयसीमा के भीतर तेजी से पूरा किया जाए।

मुख्य सचिव ने यह भी निर्देश दिए कि परियोजनाओं के क्रियान्वयन के दौरान पारिस्थितिकी संतुलन का विशेष ध्यान रखा जाए तथा योजनाओं को दीर्घकालिक रूप से टिकाऊ (सस्टेनेबल) बनाने की दिशा में कार्य किया जाए।

(Visited 684 times, 120 visits today)