देहरादून :उत्तरकाशी जिले के धराली क्षेत्र में आई प्राकृतिक आपदा के बीच सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट, झूठे वीडियो और अफवाहों का दौर शुरू हो गया है। इस पर जिला प्रशासन और पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अफवाह फैलाने वालों पर आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की सघन निगरानी शुरू कर दी है और जिम्मेदार अफसरों को 24×7 मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए हैं। आम जनता से भी अपील की गई है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों या असत्य जानकारियों से सावधान रहें और इस तरह की गतिविधियों की तुरंत सूचना प्रशासन को दें।
अधिकारियों ने कहा है कि इस आपदा की घड़ी में राहत और बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की बाधा या जनता में भय और भ्रम फैलाने वाली हरकतों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जो भी व्यक्ति या समूह ऐसा करता पाया जाएगा, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जनता से अपील:
-
किसी भी सूचना को सोशल मीडिया पर शेयर करने से पहले उसकी सत्यता की पुष्टि करें।
-
अफवाह फैलाने वालों से सावधान रहें और ऐसी गतिविधियों की सूचना तुरंत प्रशासन या पुलिस को दें।
-
इस कठिन समय में सरकार और राहत एजेंसियों का सहयोग करें।
