ISS से इसरो को धन्यवाद: गगनयात्री शुभांशु शुक्ला ने साझा किए अंतरिक्ष में प्रयोगों के अनुभव

Photo: Times Of India

पीटीआई: अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर मौजूद गगनयात्री शुभांशु शुक्ला ने अपनी सुरक्षित अंतरिक्ष यात्रा सुनिश्चित करने के प्रयासों के लिए इसरो को धन्यवाद दिया है। एक्सिओम-4 मिशन के तहत 26 जून से ISS पर मौजूद शुभांशु ने 6 जुलाई को इसरो अध्यक्ष वी. नारायणन से फोन पर बात कर इस मिशन में इसरो की तकनीकी मदद और समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया। इस बातचीत में इसरो के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे, जहां शुभांशु ने अंतरिक्ष में चल रहे वैज्ञानिक प्रयोगों और गतिविधियों की प्रगति की जानकारी साझा की।

इसरो प्रमुख वी. नारायणन ने शुभांशु से उनके स्वास्थ्य और अंतरिक्ष में उनके अनुभवों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने शुभांशु से आग्रह किया कि वे पृथ्वी पर लौटने के बाद सभी वैज्ञानिक प्रयोगों और गतिविधियों का विस्तार से दस्तावेजीकरण करें ताकि भारत के मानव अंतरिक्ष मिशन ‘गगनयान’ के लिए महत्वपूर्ण डेटा इकट्ठा किया जा सके।

गौरतलब है कि शुभांशु शुक्ला को इसरो के गगनयान मिशन के लिए भी शॉर्टलिस्ट किया गया है। गगनयान मिशन का उद्देश्य पृथ्वी की 400 किलोमीटर ऊंचाई पर अंतरिक्ष यात्रियों को भेजने और सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने की भारत की क्षमता का प्रदर्शन करना है। एक्सिओम-4 मिशन पर शुभांशु के अनुभव इस महत्वाकांक्षी भारतीय मानव अंतरिक्ष मिशन की सफलता के लिए महत्वपूर्ण साबित होंगे।

(Visited 596 times, 1 visits today)