राम मंदिर शिखर पर ध्वजारोहण ने रचा इतिहास, सनातन संस्कृति के स्वर्णिम युग का पुनः प्रारंभ: महेंद्र भट्ट

 

 

 

देहरादून:  भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने अयोध्या में श्री राम मंदिर के शिखर पर धर्मध्वजा फहराए जाने को विश्वभर में सनातन संस्कृति के स्वर्णिम युग के पुनः आगाज के रूप में अभिव्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह क्षण न केवल भारत बल्कि दुनिया के 140 करोड़ हिंदुओं की आस्था का तेजस्वी सूरज है, जो युगों-युगों तक विश्वकल्याण का मार्ग प्रशस्त करता रहेगा।

राज्यसभा सांसद भट्ट ने पावन अयोध्या धाम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और संत-श्रेष्ठजनों की मौजूदगी में मंदिर निर्माण पूर्णता के इस ऐतिहासिक अवसर पर समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह गौरवशाली क्षण हिंदू समाज के पांच सदियों के तप, बलिदान, शौर्य और धैर्य का प्रतिफल है। प्रभु श्री राम का यह भव्य धाम सनातन के अमिट भाव, अविचल आस्था, अतुलनीय धैर्य और अविस्मरणीय बलिदानों का सजीव प्रतीक है।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने भावुक होकर कहा कि एक राजनीतिक कार्यकर्ता होने के नाते उन्हें गर्व है कि सनातन संस्कृति की राजधानी में इस अभूतपूर्व इतिहास की पुनर्स्थापना में भाजपा के अनेक कार्यकर्ताओं ने अपना सर्वस्व न्यौछावर किया। यह ध्वजारोहण उन सभी धर्मयोद्धाओं के सपनों, संकल्पों और समर्पण की सार्थक परिणति है।

उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले हजारों वर्षों तक अयोध्या स्थित प्रभु श्री राम का मंदिर विश्वकल्याण का पथप्रदर्शक बना रहेगा। मंदिर के शिखर पर फहराई गई धर्मध्वजा दुनिया भर के हिंदुओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। यह भगवा ध्वज धर्म, निष्ठा, सत्य, न्याय और राष्ट्रधर्म का प्रतीक बनकर रामराज्य की संकल्पना को चरितार्थ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

(Visited 2,658 times, 1 visits today)