देहरादून: दीपावली के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गढ़ी कैंट क्षेत्र में सेना के जवानों के साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं। मुख्यमंत्री आवास लौटते समय उनकी नजर सेना के जवानों पर पड़ी तो उन्होंने अपना काफिला रुकवा दिया। इसके बाद जवानों के बीच पहुंचकर उनसे मुलाकात की, हालचाल जाना और मिठाई देकर दीपावली की बधाई दी।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि सैनिक देश की सीमाओं की सुरक्षा के लिए हर परिस्थिति में मुस्तैद रहते हैं। उनके समर्पण और सतर्कता के चलते ही देशवासी सुरक्षित माहौल में अपने त्योहार मना पाते हैं।
परिवार से दूर रहकर निभाते हैं देश की जिम्मेदारी
धामी ने कहा कि त्योहारों के समय जब लोग अपने परिवारों के साथ खुशियां मनाते हैं, तब बड़ी संख्या में सैनिक घर से दूर रहकर देश की सुरक्षा में जुटे रहते हैं। उनका अनुशासन, त्याग और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यनिष्ठा सभी देशवासियों के लिए प्रेरणा है।
मुख्यमंत्री ने जवानों के साहस और सेवाभाव को नमन करते हुए उनके स्वस्थ, सुखद और सुरक्षित जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि सैनिकों के प्रति सम्मान और उनके योगदान के लिए कृतज्ञता व्यक्त करना हर नागरिक का दायित्व है।
उत्तराखंड की सैन्य परंपरा का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड को वीरभूमि बताते हुए कहा कि प्रदेश के युवाओं की सेना में सेवा करने की गौरवशाली परंपरा रही है। यहां के लोगों को अपने सैनिकों और उनके परिवारों पर गर्व है। उन्होंने कहा कि जवानों का राष्ट्रप्रेम और बलिदान आने वाली पीढ़ियों को भी देशसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।

