पिथौरागढ़ में बारिश का असर, 16 ग्रामीण सड़कें बंद; कैलास मार्ग पर बहा वैकल्पिक रास्ता

 

 

 

 

पिथौरागढ़: जिले में रविवार रात हुई बारिश के बाद जनजीवन और सड़क यातायात प्रभावित हुआ है। बंगापानी तहसील में सबसे अधिक 113 मिमी बारिश दर्ज की गई। बारिश के कारण कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग पर कूलागाड़ के पास पहले से बनाए गए वैकल्पिक रास्ते के भी क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिली, जिसे प्रशासन ने सोमवार सुबह दुरुस्त कर आवाजाही बहाल कर दी।

जिले में कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग समेत 16 ग्रामीण सड़कें मलबा आने के कारण अब भी बंद हैं। वहीं घाट के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहाड़ी से लगातार पत्थर गिरने के कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है।

ऊंची चोटियों पर हुई बर्फबारी

बारिश के साथ जिले की ऊंची पर्वत चोटियों पर भी हिमपात हुआ। पंचाचूली, राजरंभा, नंदा देवी और हरदेवल चोटियां बर्फ से ढक गई हैं। इससे क्षेत्र में ठंड बढ़ गई है।

घाट-पिथौरागढ़ मार्ग पर हादसा टला

रविवार देर रात घाट-पिथौरागढ़ मार्ग पर पहाड़ी से अचानक पत्थर गिरने से एक वाहन चालक ने बचने की कोशिश की। इस दौरान वाहन अनियंत्रित होकर पैराफिट पर चढ़ गया और विद्युत पोल से टकराकर रुक गया। हादसे में चालक समेत वाहन में सवार सभी लोग सुरक्षित रहे।

घटना की सूचना मिलने पर घाट चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से जेसीबी के जरिए वाहन को हटाकर यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य की ओर रवाना किया गया। पुलिस ने बारिश के दौरान पहाड़ी सड़कों पर यात्रा करते समय अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील की है।

(Visited 27 times, 27 visits today)