कीर्तिनगर: देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के 68 मेधावी विद्यार्थी 16 सितंबर को भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण के लिए रवाना होंगे। यात्रा से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कीर्तिनगर के स्वामी मनमथन प्रेक्षागृह में विद्यार्थियों से मुलाकात कर उनकी तैयारियों और यात्रा को लेकर संवाद किया।
भारत दर्शन कार्यक्रम का यह 10वां संस्करण है। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश भ्रमण विद्यार्थियों को किताबों और कक्षा से बाहर निकलकर भारत की विविधता, इतिहास, संस्कृति, विज्ञान, तकनीक और विकास को करीब से समझने का अवसर देता है। उन्होंने विद्यार्थियों से यात्रा के दौरान नए अनुभव हासिल करने और उन्हें दूसरे विद्यार्थियों के साथ साझा करने को कहा।
10 साल से जारी है पहल
विधायक विनोद कंडारी की पहल से शुरू हुए इस कार्यक्रम के लगातार दस वर्ष पूरे होने पर मुख्यमंत्री ने इसे बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल से विद्यार्थियों में बेहतर प्रदर्शन की प्रतिस्पर्धा बढ़ी है और उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली है।
विधायक विनोद कंडारी ने कहा कि शुरुआत में कार्यक्रम को लेकर कई चुनौतियां थीं, लेकिन अब इसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि क्षेत्र के कई विद्यार्थी अब 96 प्रतिशत तक अंक हासिल कर रहे हैं।
सीएम ने छात्रों को दिया सफलता का मंत्र
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से जीवन में स्पष्ट लक्ष्य तय कर लगातार मेहनत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इतिहास बनाने वाले लोगों ने सामान्य से असाधारण बनने के लिए निरंतर प्रयास किया। दृढ़ संकल्प और ईमानदार प्रयास के सामने कोई बाधा स्थायी नहीं होती।
धामी ने विद्यार्थियों से माता-पिता और गुरुजनों के प्रति सम्मान बनाए रखने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि देश के प्रतिष्ठित संस्थानों को करीब से देखना विद्यार्थियों के भविष्य की दिशा तय करने में उपयोगी साबित हो सकता है।
मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि उत्तराखंड को विकास के विभिन्न क्षेत्रों में अग्रणी बनाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने यूसीसी, नकल विरोधी कानून और सतत विकास लक्ष्यों में उत्तराखंड की उपलब्धि का भी उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री ने भारत दर्शन की पहल के लिए विधायक विनोद कंडारी को बधाई दी और विद्यार्थियों को यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं।
