मसूरी गोलीकांड के शहीदों को श्रद्धांजलि, खजान दास बोले- शहीदों के सपनों का उत्तराखंड बनाना संकल्प

 

 

 

देहरादून: मसूरी गोलीकांड की बरसी पर देहरादून स्थित शहीद स्थल पर कैबिनेट मंत्री खजान दास ने उत्तराखंड राज्य आंदोलन के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शहीदों को नमन करते हुए राज्य को मजबूत, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

2 सितंबर 1994 को खटीमा गोलीकांड के विरोध में मसूरी में राज्य आंदोलनकारी शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस कार्रवाई में कई आंदोलनकारी शहीद हुए। इस घटना में बेलमती चौहान, हंसा धनाई, बलबीर सिंह नेगी, धनपत सिंह, मदन मोहन ममगाईं और राय सिंह बंगारी ने अपने प्राणों की आहुति दी। आंदोलनकारियों को बचाने के प्रयास में पुलिस उपाधीक्षक उमाकांत त्रिपाठी भी शहीद हुए थे।

कैबिनेट मंत्री खजान दास ने कहा कि मसूरी गोलीकांड उत्तराखंड के इतिहास की बेहद पीड़ादायक घटना है। उन्होंने कहा कि आज उत्तराखंड जिस स्वरूप में अस्तित्व में है, उसके पीछे राज्य आंदोलनकारियों और शहीदों का संघर्ष और बलिदान है।

उन्होंने कहा कि शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि केवल उन्हें याद करने तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि उनके सपनों के अनुरूप उत्तराखंड के विकास के लिए सामूहिक प्रयास करना ही वास्तविक सम्मान होगा। उन्होंने राज्य की संस्कृति, जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया।

पूर्व विधायक रणजीत सिंह वर्मा को भी किया याद

इस मौके पर खजान दास ने उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले राज्य आंदोलनकारी और पूर्व विधायक स्वर्गीय रणजीत सिंह वर्मा को भी याद किया और उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की।

 

(Visited 7 times, 1 visits today)