खटीमा गोलीकांड के शहीदों को CM धामी ने किया नमन, कहा- बलिदान से मिला उत्तराखंड

 

 

 

खटीमा: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को खटीमा गोलीकांड के शहीद राज्य आंदोलनकारियों की स्मृति में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शामिल होकर अमर शहीदों को नमन किया। उन्होंने शहीद आंदोलनकारियों की प्रतिमाओं पर पुष्पचक्र अर्पित किए और उनके परिजनों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान का परिणाम है। खटीमा गोलीकांड ने पृथक राज्य आंदोलन को नई दिशा दी और लोगों को अपने अधिकारों की लड़ाई आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप उत्तराखंड का निर्माण करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

उन्होंने खटीमा को राज्य आंदोलन की तपोभूमि बताते हुए कहा कि खटीमा, मसूरी और रामपुर तिराहा जैसी घटनाओं में आंदोलनकारियों ने अपने बलिदान से उत्तराखंड के इतिहास को लिखा। राज्य सरकार आंदोलनकारियों और उनके आश्रितों के हितों के लिए लगातार काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य आंदोलनकारियों और उनके आश्रितों को सरकारी नौकरियों में 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया जा रहा है। शहीद आंदोलनकारियों के आश्रितों की मासिक पेंशन बढ़ाकर 5,500 रुपये की गई है, जबकि घायल एवं जेल गए आंदोलनकारियों को 7,000 और सक्रिय आंदोलनकारियों को 5,500 रुपये प्रतिमाह पेंशन दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि राज्य निर्माण में मातृशक्ति की भूमिका को देखते हुए महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार राज्य के सांस्कृतिक मूल्यों और मूल स्वरूप की रक्षा के साथ विकास को गति देने के लिए प्रतिबद्ध है।

 

(Visited 619 times, 1 visits today)