उत्तराखंड के युवाओं के लिए विदेशों में रोजगार के नए रास्ते, CM धामी ने दिए खास निर्देश

 

 

 

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में जमैका में भारत के उच्चायुक्त मयंक जोशी, इथियोपिया में भारत के राजदूत देवेश उत्तम और जाम्बिया में भारत के उच्चायुक्त आलोक रंजन झा ने मुलाकात की। बैठक में इन देशों में रोजगार की संभावनाओं, कुशल मानव संसाधन की मांग और उत्तराखंड के युवाओं के लिए उपलब्ध अवसरों पर चर्चा हुई।

सीएम धामी ने अधिकारियों को भारतीय मिशनों के साथ नियमित समन्वय कर विदेशों में उन क्षेत्रों की जानकारी जुटाने के निर्देश दिए, जहां प्रशिक्षित युवाओं की मांग अधिक है। उन्होंने कहा कि संबंधित देशों की जरूरत के अनुसार युवाओं को कौशल और भाषा प्रशिक्षण दिया जाए, ताकि वे वैश्विक रोजगार बाजार में बेहतर अवसर हासिल कर सकें।

बैठक में बताया गया कि जाम्बिया में शिक्षा और कृषि, जमैका में पर्यटन, स्वास्थ्य सेवा, कृषि और नर्सिंग, जबकि इथियोपिया में प्रबंधन, लॉजिस्टिक्स, फार्मास्युटिकल और फ्लोरीकल्चर के क्षेत्र में रोजगार की संभावनाएं हैं।

मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड के होम स्टे, फार्मा, उद्योग, आयुर्वेद और वेलनेस सेक्टर को भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विदेशों से आने वाले प्रतिनिधिमंडलों को राज्य के सफल होम स्टे मॉडल से रूबरू कराया जा सकता है।

सीएम ने अधिकारियों को विभिन्न देशों में कुशल मानव संसाधन की मांग का आकलन कर युवाओं के प्रशिक्षण और विदेशों में रोजगार से जोड़ने की प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य के युवाओं में प्रतिभा की कमी नहीं है, जरूरत सिर्फ उन्हें वैश्विक मांग के अनुरूप तैयार करने की है।

(Visited 11 times, 11 visits today)