मानसून के बाद उत्तराखंड में सड़कों की होगी बड़ी मरम्मत, CM धामी ने दिए युद्धस्तर पर काम शुरू करने के निर्देश

 

 

 

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में मंगलवार को सचिवालय में हुई कैबिनेट बैठक में प्रदेशभर की सड़कों की स्थिति और उनके सुधार को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने मानसून खत्म होते ही राज्य में सड़क सुधार अभियान युद्धस्तर पर शुरू करने के निर्देश दिए।

बैठक में नगर निगम, नगर पालिका परिषद, नगर पंचायतों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों को बेहतर बनाने के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया गया।

पुरानी PMGSY सड़कों को भी मिलेगा बजट

मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) समेत विभिन्न विभागों और संस्थाओं के अधीन आने वाली सड़कों की स्थिति सुधारने के निर्देश दिए। ऐसी पुरानी PMGSY सड़कों, जिनकी अनुरक्षण अवधि समाप्त हो चुकी है और नियमित रखरखाव नहीं हो पा रहा है, को दुरुस्त करने के लिए राज्य सरकार की ओर से आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराने पर भी विचार किया गया।

बारिश खत्म होते ही शुरू होंगे काम

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क मरम्मत के लिए निविदा प्रक्रिया अभी से पूरी कर ली जाए, ताकि मानसून समाप्त होते ही निर्माण और मरम्मत कार्य शुरू किए जा सकें। उन्होंने कहा कि सड़क सुधार के काम में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।

शहरी सड़कों के लिए निकायों को मिलेगा पैसा

शहरी क्षेत्रों की सड़कों को लेकर भी सरकार ने गंभीरता दिखाई है। नगर निगमों, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों को सड़क सुधार के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरी सड़कों को भी प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया जाए।

अक्टूबर से सड़क मार्ग से प्रदेश का दौरा करेंगे CM

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि वह अक्टूबर माह से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों का सड़क मार्ग से भ्रमण करेंगे। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सड़कों की स्थिति सुधारने के लिए ठोस और समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में बेहतर, सुरक्षित और सुगम सड़कें सरकार की प्राथमिकता हैं। इसके लिए सभी संबंधित विभागों और संस्थाओं को मिलकर काम करना होगा।

(Visited 6 times, 1 visits today)