चौबट्टाखाल को विकास की बड़ी सौगात, ₹1.23 करोड़ की मोटर मार्ग परियोजना का शिलान्यास

 

 

 

पौड़ी: चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति देते हुए प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक सतपाल महाराज ने अपने क्षेत्रीय भ्रमण के पांचवें दिन सतपुली मंडल की ग्राम पंचायत कुल्हाड में ₹123.18 लाख की लागत से बनने वाले कुल्हाड बैण्ड-किनसूर-भरवाड़ी-कैण्डुल-डलगांव-उमन मोटर मार्ग का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि यह सड़क क्षेत्र के कई गांवों की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करेगी और ग्रामीणों के आवागमन के साथ विकास की रफ्तार भी तेज होगी।

शिलान्यास कार्यक्रम के बाद सतपाल महाराज ने क्षेत्रवासियों और भाजपा कार्यकर्ताओं से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने के साथ-साथ जनता की समस्याओं के समाधान के लिए भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में विकास का नया अध्याय लिखा जा रहा है। चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र को पर्यटन और रोजगार के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से सतपुली में लगभग ₹56 करोड़ की लागत से 750 मीटर लंबी झील और बीरोंखाल विकासखंड में ₹123.41 करोड़ की लागत से स्यूंसी झील (बैराज) परियोजना का निर्माण तेजी से किया जा रहा है।

सतपाल महाराज ने कहा कि ये दोनों बहुउद्देशीय परियोजनाएं क्षेत्र में वॉटर स्पोर्ट्स, पैराग्लाइडिंग, एडवेंचर टूरिज्म और इको-टूरिज्म को बढ़ावा देंगी। साथ ही जल संरक्षण, पेयजल उपलब्धता और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे, जिससे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।

भ्रमण के दौरान उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक में “सशक्त मंडल, सशक्त संगठन” के संकल्प को दोहराते हुए कार्यकर्ताओं से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को हर घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन और सरकार के समन्वय से ही विकास की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना संभव होगा।

(Visited 10 times, 1 visits today)