रुड़की को मिला आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स, सीएम धामी बोले- खेलों में उत्तराखंड बनेगा नई ताकत

 

 

 

हरिद्वार: उत्तराखंड में खेल अवसंरचना को मजबूत करने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को रुड़की में एचआरडीए द्वारा 3 करोड़ 75 लाख रुपये की लागत से निर्मित आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने परिसर का निरीक्षण कर उपलब्ध खेल सुविधाओं का जायजा लिया और खिलाड़ियों व प्रशिक्षकों से संवाद भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेलों के समग्र विकास और खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आधुनिक खेल अवसंरचना युवा प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। सरकार प्रदेश के प्रत्येक जिले में खेल सुविधाओं का विस्तार कर रही है ताकि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और अभ्यास का अवसर मिल सके।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों को नई पहचान मिली है। उत्तराखंड सरकार भी अपनी खेल नीति के माध्यम से खिलाड़ियों को प्रोत्साहन, उच्च स्तरीय प्रशिक्षण और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग प्रदान कर रही है।

उन्होंने कहा कि इस स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स के निर्माण से हरिद्वार, रुड़की और आसपास के क्षेत्रों के खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाओं का लाभ मिलेगा। इससे युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ेगी और वे विभिन्न प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे।

नवनिर्मित स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में इनडोर खेलों के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं। परिसर में आधुनिक जिम, बैडमिंटन कोर्ट तथा अन्य आवश्यक खेल संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं। यह कॉम्पलेक्स खिलाड़ियों के नियमित अभ्यास, प्रशिक्षण और विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए भी उपयोगी साबित होगा।

कार्यक्रम में परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष मधु सिंह, रुड़की नगर निगम की मेयर अनीता अग्रवाल, श्यामवीर सैनी, आदेश सैनी, शोभाराम प्रजापति, कुंभ मेलाधिकारी सोनिका, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ, एसपी देहात शेखर सुयाल, एचआरडीए सचिव प्रत्यूष सिंह, नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल, सीओ मंगलौर अभिनव चौधरी सहित जनप्रतिनिधि, खेल विभाग के अधिकारी, प्रशिक्षक, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

(Visited 5 times, 2 visits today)