देहरादून-टिहरी में अगले 3 घंटे भारी पड़ सकते हैं, मौसम विभाग का ऑरेंज अलर्ट जारी

 

 

 

देहरादून: मौसम विभाग ने देहरादून और टिहरी गढ़वाल जनपद के कई क्षेत्रों के लिए अगले तीन घंटों का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार 21 जून रात 10:07 बजे से 22 जून रात 1:07 बजे तक कई स्थानों पर तेज बारिश, ओलावृष्टि, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान की संभावना बनी हुई है।

मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनी के अनुसार मसूरी, धनोल्टी, उनियाल गांव, मरोड़ा, सकलाना रेंज, सहस्त्रधारा तथा आसपास के क्षेत्रों में मौसम अचानक खराब हो सकता है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है।

विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, ऊंचे पेड़ों, बिजली के खंभों और संवेदनशील क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें। पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा कर रहे पर्यटकों और स्थानीय लोगों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है।

प्रशासन ने भी संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति से समय रहते निपटा जा सके। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखें और अनावश्यक यात्रा से बचें।

विशेषज्ञों के अनुसार तेज बारिश के कारण कुछ स्थानों पर जलभराव, फिसलन और दृश्यता कम होने जैसी समस्याएं भी उत्पन्न हो सकती हैं। ऐसे में वाहन चालकों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

(Visited 967 times, 1 visits today)