अल्मोड़ा: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अल्मोड़ा जनपद के डोल आश्रम में आयोजित श्री कल्याणिका हिमालय देवस्थानम न्यास के ‘श्री पीठम स्थापना महोत्सव’ में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने 1100 कन्याओं का पूजन कर माँ राजेश्वरी का अभिषेक एवं विधिवत पूजा-अर्चना की और प्रदेश व देश की सुख-समृद्धि की कामना की।
मुख्यमंत्री ने आश्रम परिसर में स्थापित श्रीयंत्र का अवलोकन करते हुए कहा कि यहां स्थापित दुनिया के सबसे बड़े श्रीयंत्र के दर्शन से विशेष आध्यात्मिक अनुभूति होती है। उन्होंने कहा कि बाबा कल्याणदास की तपस्या और साधना के कारण यह स्थान आज वैश्विक स्तर पर आध्यात्मिक पहचान बना चुका है।
उन्होंने कहा कि डोल आश्रम धार्मिक आस्था, आध्यात्मिक साधना और सांस्कृतिक चेतना का प्रमुख केंद्र बन गया है, जहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।
आध्यात्मिक पर्यटन को मिल रहा बढ़ावा
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड में आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने चारधाम यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि हर वर्ष बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या राज्य में बेहतर व्यवस्थाओं और सुविधाओं का परिणाम है।
जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, विधायक मोहन सिंह मेहरा, विधायक मनोज तिवारी, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इसके साथ ही जिलाधिकारी अंशुल सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर. घोड़के, मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा समेत बड़ी संख्या में अधिकारी और श्रद्धालु भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
यह आयोजन धार्मिक आस्था, संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना के संगम के रूप में सामने आया, जिसने क्षेत्र में आध्यात्मिक पर्यटन को नई पहचान देने का कार्य किया।