“मन की बात से जन-जन में जोश: सीएम धामी ने कहा—यही है नए भारत की प्रेरणा”

 

 

 

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मोथरोवाला, देहरादून में स्थानीय लोगों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम मन की बात के 133वें संस्करण को सुना।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ देशवासियों के लिए प्रेरणा का सशक्त माध्यम बन चुका है। इस कार्यक्रम के जरिए समाज के विभिन्न वर्गों के प्रेरक कार्य, नवाचार, स्टार्टअप, स्वच्छता अभियान, आत्मनिर्भर भारत, पर्यावरण संरक्षण और लोक संस्कृति जैसे विषय प्रभावी ढंग से सामने आते हैं, जो लोगों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।

उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम ने आमजन के प्रयासों को राष्ट्रीय मंच दिया है, जिससे देश के कोने-कोने में हो रहे उत्कृष्ट कार्यों को पहचान मिल रही है और सकारात्मक परिवर्तन का माहौल बन रहा है।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि भारत आज वैश्विक स्तर पर एक मजबूत आर्थिक शक्ति के रूप में उभर रहा है। विज्ञान, रक्षा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है और रक्षा उपकरणों का निर्यात आत्मनिर्भर भारत की मजबूत तस्वीर पेश करता है।

उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से उत्तराखंड विकास के पथ पर तेजी से अग्रसर है। सीमांत क्षेत्रों तक सड़क, रेल और आधुनिक सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। प्रधानमंत्री द्वारा उत्तराखंड को “इस दशक का दशक” बताए जाने के संकल्प को राज्य सरकार निरंतर आगे बढ़ा रही है।

मुख्यमंत्री ने राज्य की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि सरकार देवभूमि की आस्था और परंपराओं को सहेजने के लिए लगातार कार्य कर रही है। साथ ही दंगारोधी, धर्मांतरण और नकल विरोधी जैसे सख्त कानून लागू कर सुशासन की दिशा में मजबूत कदम उठाए गए हैं। इस अवसर पर विधायक विनोद चमोली सहित कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

 
(Visited 584 times, 1 visits today)