TMP: अक्षय तृतीया के शुभ अवसर पर रविवार को गंगोत्री धाम और यमुनोत्री धाम के कपाट विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। इसके साथ ही उत्तराखंड की बहुप्रतीक्षित चारधाम यात्रा 2026 का विधिवत आगाज़ हो गया।
इस अवसर पर दोनों धामों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम से पहली पूजा संपन्न हुई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गंगोत्री धाम में कपाटोद्घाटन के दौरान संकल्प लेकर प्रधानमंत्री के नाम से विशेष पूजा-अर्चना की और प्रदेश व देश की सुख-समृद्धि की कामना की।
धार्मिक परंपराओं के तहत मां गंगा की उत्सव डोली भैरव मंदिर से रवाना होकर गंगोत्री धाम पहुंची, जहां ठीक 12:15 बजे कपाट खोले गए। वहीं मां यमुना की डोली शीतकालीन गद्दीस्थल खरसाली से शनिदेव महाराज की अगुवाई में यमुनोत्री धाम पहुंची, जहां 12:35 बजे दर्शन शुरू हुए।
मुख्यमंत्री धामी ने इस मौके पर मां गंगा के मंदिर में पूजा-अर्चना कर देव डोली से आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा देश-विदेश के श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है और हर श्रद्धालु इन दिव्य धामों के दर्शन की कामना करता है।
सरकार की तैयारियों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। यातायात प्रबंधन, मूलभूत सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया गया है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं से “ग्रीन और क्लीन चारधाम यात्रा” में सहयोग की अपील करते हुए पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता बनाए रखने का आग्रह किया। इस ऐतिहासिक अवसर पर कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और मंदिर समिति के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।