अवैध खनन ऑडियो कांड: सीएम धामी के निर्देश पर इकबालपुर चौकी का पूरा स्टाफ सस्पेंड

 

 

 

देहरादून: उत्तराखंड में कानून व्यवस्था को लेकर सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए हरिद्वार जिले की इकबालपुर पुलिस चौकी के पूरे स्टाफ को निलंबित कर दिया गया है। अवैध खनन से जुड़े एक ऑडियो सामने आने के बाद मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami के निर्देश पर यह सख्त कदम उठाया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार इकबालपुर क्षेत्र में अवैध खनन से जुड़े मामले में पुलिसकर्मियों की भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर यह कार्रवाई की गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए Haridwar के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने तत्काल निर्णय लेते हुए चौकी प्रभारी समेत पूरे स्टाफ को निलंबित कर दिया और मामले की विस्तृत जांच एसपी देहात को सौंप दी है।

निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों में उपनिरीक्षक नवीन सिंह चौहान (चौकी प्रभारी इकबालपुर), हेड कांस्टेबल विरेन्द्र शर्मा, हेड कांस्टेबल हरेन्द्र, कांस्टेबल विपिन कुमार, कांस्टेबल देवेश सिंह और कांस्टेबल प्रदीप शामिल हैं। सभी को तत्काल प्रभाव से ड्यूटी से हटा दिया गया है।

मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने स्पष्ट कहा है कि राज्य में अवैध खनन, भ्रष्टाचार या किसी भी प्रकार की अनियमितता को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी जिन अधिकारियों पर है, यदि वही अपने कर्तव्यों में लापरवाही या अनुचित गतिविधियों में संलिप्त पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई तय है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पूरे मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच सुनिश्चित की जाए और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।

(Visited 1 times, 1 visits today)