चंद्रग्रहण पर हरिद्वार में दिनभर बंद रहे मंदिर, रात 8 बजे हुई विशेष गंगा आरती

 

 

 

हरिद्वार: साल के पहले चंद्रग्रहण के अवसर पर धर्मनगरी हरिद्वार में दिनभर मंदिरों के कपाट बंद रहे। चंद्रग्रहण के कारण हर की पैड़ी पर प्रतिदिन शाम 6:20 बजे होने वाली गंगा आरती निर्धारित समय से विलंबित कर रात 8 बजे संपन्न कराई गई।

गंगा घाटों पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

विशेष आरती के दौरान हरकी पैड़ी और आसपास के गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। “हर-हर गंगे” और “जय मां गंगे” के उद्घोष से पूरा घाट क्षेत्र गुंजायमान रहा।

मंगलवार 3 मार्च को दोपहर 3:27 बजे से शाम 6:46 बजे तक चंद्रग्रहण रहा, जबकि सूतक काल सुबह 6:20 बजे के बाद से प्रारंभ हो गया था। सूतक अवधि के चलते दिनभर मंदिरों के कपाट बंद रखे गए।

शुद्धिकरण के बाद हुई आरती

सूतक काल समाप्त होने के बाद शाम 6:47 बजे मंदिरों और घाटों की साफ-सफाई की गई। गंगाजल से शुद्धिकरण और अभिषेक के उपरांत रात 8 बजे विशेष गंगा आरती आयोजित की गई।

श्री गंगा सभा के महामंत्री तन्मय वशिष्ठ ने बताया कि चंद्रग्रहण के कारण आरती का समय परिवर्तित किया गया था।

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए घाटों पर पुलिस बल तैनात रहा। श्री गंगा सभा के सेवादार भी व्यवस्था संभालते नजर आए, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्वक संपन्न हो सका।

(Visited 1,061 times, 1 visits today)