मुख्यमंत्री आवास में पारंपरिक उल्लास के साथ सजा होली मिलन समारोह

 

 

 

देहरादून: मुख्यमंत्री आवास में सोमवार को पारंपरिक उल्लास और सांस्कृतिक गरिमा के साथ होली मिलन समारोह आयोजित किया गया। रंगों, लोकधुनों और पारंपरिक परिधानों से सजे इस आयोजन में उत्तराखण्ड की समृद्ध लोकसंस्कृति की अनुपम छटा देखने को मिली।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को होली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि आपसी विश्वास, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश देने वाला पावन पर्व है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक विविधता हमारी सबसे बड़ी ताकत है और ऐसे आयोजन हमारी पारंपरिक विरासत को नई पीढ़ी से जोड़ने का सशक्त माध्यम बनते हैं।

समारोह में मंत्रीगण, विधायकगण, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी तथा समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़े गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने मुख्यमंत्री से भेंट कर उन्हें होली की शुभकामनाएं प्रेषित कीं और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ उत्सव में सहभागिता की।

कार्यक्रम के दौरान गढ़वाल और कुमाऊँ की पारंपरिक होली के साथ-साथ जौनसार-बावर और तराई क्षेत्र की लोकधुनों ने वातावरण को रंगमय बना दिया। लोक कलाकारों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रदेश की विविध लोक परंपराओं की जीवंत झलक दिखाई दी, जिससे समारोह में सांस्कृतिक सौहार्द का भाव और भी प्रगाढ़ हुआ।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार लोकसंस्कृति, लोकभाषाओं और पारंपरिक कलाओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। उन्होंने जोर देकर कहा कि हमारी सांस्कृतिक विरासत ही उत्तराखण्ड की पहचान है और इसे सहेजना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है।

समारोह के अंत में सभी ने पारंपरिक ढंग से एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और सामाजिक एकता व सद्भाव का संदेश दिया।

 
(Visited 825 times, 1 visits today)