सरकारी दफ्तरों में अब सुरक्षित माहौल: CM धामी ने कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए SOP बनाने के दिए निर्देश

 

 

 

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सरकारी कार्यालयों और कार्यस्थलों पर अधिकारी-कर्मचारियों एवं शिक्षकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) तैयार करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने यह निर्देश मुख्य सचिव को दिए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और सरकारी कार्मिक सुरक्षित वातावरण में अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें।

सोमवार को उत्तराखंड अधिकारी कर्मचारी शिक्षक मोर्चा के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री श्री धामी से भेंट की। प्रतिनिधिमंडल ने 21 फरवरी को प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय में हुई घटना सहित हाल के समय में विभिन्न स्थानों पर सरकारी अधिकारी-कर्मचारियों के साथ हुई घटनाओं का उल्लेख करते हुए, ऐसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने की मांग रखी।

मुख्यमंत्री ने कर्मचारी नेताओं की बातों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि राज्य सरकार कार्मिकों के मान-सम्मान और सुरक्षा को लेकर सदैव गंभीर रही है। उन्होंने मुख्य सचिव को तत्काल अधिकारियों, कर्मचारियों और शिक्षकों की सुरक्षा से संबंधित SOP तैयार करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने डीजीपी को भी आदेश दिए कि सभी सरकारी कार्यालयों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं तथा इस प्रकार की घटनाओं में त्वरित और कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही उन्होंने एसएसपी देहरादून को प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय में हुई घटना में शामिल दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने के स्पष्ट निर्देश दिए।

इस अवसर पर राज्य औषधीय पादप बोर्ड के उपाध्यक्ष श्री प्रताप सिंह पंवार, उत्तराखंड अधिकारी कर्मचारी शिक्षक मोर्चा के अध्यक्ष श्री राम सिंह चौहान, महामंत्री श्री मुकेश बहुगुणा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री के इस निर्णय को सरकारी तंत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

(Visited 498 times, 1 visits today)