देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद महान आध्यात्मिक विचारक और ओजस्वी वक्ता थे, जिन्होंने भारतीय दर्शन और हमारी सांस्कृतिक विरासत को विश्व पटल पर प्रतिष्ठित किया। उन्होंने स्वामी विवेकानंद को युवाओं का प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि उनका जीवन और विचार आज भी राष्ट्र निर्माण की दिशा दिखाते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने अपनी प्रखर वाणी और गहन बौद्धिक दृष्टि से युवाओं को आत्मविश्वास, चरित्र निर्माण और राष्ट्रसेवा का मार्ग दिखाया। उनका अमर संदेश “उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्ति तक रुको मत” आज भी युवा पीढ़ी को आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
सीएम धामी ने युवा शक्ति को राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी बताते हुए कहा कि आत्मनिर्भर, सशक्त और चरित्रवान भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका निर्णायक है। विज्ञान, प्रौद्योगिकी, खेल, शिक्षा, उद्यमिता और सामाजिक सेवा जैसे हर क्षेत्र में भारतीय युवा अपनी प्रतिभा और परिश्रम से देश को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिला रहे हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने युवाओं सहित सभी प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे अपनी ऊर्जा और क्षमता का सकारात्मक उपयोग कर देश और प्रदेश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं और स्वामी विवेकानंद के विचारों को अपने जीवन में आत्मसात करें।
