दिल्ली रैली के नारों पर भाजपा का तीखा प्रहार: महेंद्र भट्ट बोले-कांग्रेस सार्वजनिक माफी मांगे, वरना होगा राजनीतिक पतन

 

 

 

देहरादून: दिल्ली में आयोजित रैली के दौरान प्रधानमंत्री को लेकर लगाए गए कथित आपत्तिजनक और नफरत भरे नारों पर भाजपा ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। प्रदेशाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस आलाकमान से तत्काल सार्वजनिक माफी की मांग करते हुए कहा कि ऐसे कृत्यों को संरक्षण देने के कारण ही कांग्रेस और नेहरू परिवार लगातार राजनीतिक रसातल की ओर बढ़ रहे हैं।

भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री की “कब्र खुदने” जैसे शर्मनाक नारों की नारेबाजी लोकतांत्रिक मर्यादाओं के उल्लंघन की पराकाष्ठा है। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार चुनावी पराजयों से हताश कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता लोकतांत्रिक सीमाएं लांघ रहे हैं। इससे पहले भी कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों द्वारा प्रधानमंत्री और उनकी दिवंगत माता पर आपत्तिजनक टिप्पणियां की जाती रही हैं।

उन्होंने कहा कि इस तरह की घृणित नारेबाजी यह दर्शाती है कि ऐसे तत्वों को कांग्रेस आलाकमान का संरक्षण प्राप्त है। यदि कांग्रेस ने सार्वजनिक माफी नहीं मांगी और ऐसी बयानबाजी जारी रही, तो पार्टी का राजनीतिक भविष्य और अधिक सिमट जाएगा।

महेंद्र भट्ट ने यह भी कहा कि कांग्रेस जनभावनाओं को समझने में विफल रही है। प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ अपमानजनक भाषा को जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “मुहब्बत की दुकान” के दावे के बावजूद कांग्रेस ने वहां नफरत का भंडार सजा रखा है। देश की जनता पहले भी कांग्रेस को सबक सिखा चुकी है और आने वाले चुनावों में भी ऐसा ही करेगी।

(Visited 473 times, 1 visits today)