नई दिल्ली: देशभर में चल रही प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई के तहत शुक्रवार को इंदौर के खुड़ैल क्षेत्र स्थित इंडेक्स मेडिकल कॉलेज एंड रिसर्च सेंटर में भी ईडी की टीम ने छापा मारा। दिल्ली से पहुंची ईडी की टीम ने कॉलेज प्रबंधन से पूछताछ की और कॉलेज संचालक को भी तलब किया।
ईडी की टीम ने कार्रवाई के दौरान महत्वपूर्ण दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड जब्त किए, जिसके बाद दोपहर में टीम वापस रवाना हो गई। माना जा रहा है कि यह कार्रवाई सीबीआई द्वारा दर्ज मेडिकल कॉलेज रिश्वत कांड की एफआईआर के आधार पर की गई है।
सीबीआई की एफआईआर में भी नाम
सीबीआई की एफआईआर में मेडिकल कॉलेजों को मान्यता दिलाने के मामले में हुई कथित गड़बड़ियों में रावतपुरा सरकार के साथ इंडेक्स मेडिकल कॉलेज के संचालक सुरेश भदौरिया को भी आरोपित बनाया गया है। एफआईआर में कुल 30 आरोपित दर्ज हैं, जिसमें सुरेश भदौरिया का नाम आरोपी नंबर 25 के रूप में शामिल है।
कॉलेज प्रशासन का बयान
ईडी की कार्रवाई पर इंडेक्स कॉलेज प्रशासन ने सफाई दी है। कॉलेज के प्रशासनिक अधिकारी धीरज जायसवाल ने बताया कि
“दिल्ली से ईडी की टीम मेडिकल कॉलेज आई थी। यह एक पुराना मामला है, जिसके संबंध में कुछ दस्तावेज मांगे गए थे, जो उन्हें उपलब्ध करा दिए गए हैं।”
फिलहाल ईडी द्वारा जब्त दस्तावेजों की जांच की जा रही है और आने वाले दिनों में इस मामले में आगे की कार्रवाई संभव मानी जा रही है।
