“बूथ अध्यक्ष और पन्ना प्रमुख की सक्रियता की नकल कांग्रेस के लिए असंभव” — भाजपा का पलटवार

 

 

 

 

देहरादून:  कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष के सांसद आदर्श गांवों में विकास को लेकर दिए बयान पर भाजपा ने कड़ा पलटवार किया है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि जनता विकास का अनुभव कर रही है लेकिन कांग्रेस ने अपनी आंखें मूंद रखी हैं।

कांग्रेस द्वारा बूथ स्तर तक संगठन सुदृढ़ करने के दावे पर प्रतिक्रिया देते हुए भट्ट ने कहा कि भाजपा के बूथ अध्यक्ष और पन्ना प्रमुख लगातार जनता के बीच सक्रिय रहते हुए पार्टी को घर-घर तक पहुंचाते हैं, जिसकी नकल कांग्रेस के लिए असंभव है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के पास विचार, सिद्धांत और संगठन के प्रति समर्पण है, जबकि कांग्रेस केवल सत्ता-आधारित राजनीति तक सीमित है।

भट्ट ने दावा किया कि भाजपा कार्यकर्ताओं की सक्रियता और समर्पण के कारण ही लगातार चुनावों में कमल खिलता है, जबकि कांग्रेस नेताओं के बयान केवल सुर्खियां बनाकर रह जाते हैं, जनता का विश्वास नहीं जीत पाते।

सांसद आदर्श ग्रामों में विकास को लेकर कांग्रेस के बयान पर उन्होंने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार ने विकास को गांव-गांव तक पहुंचाया है, जिसे प्रदेश की जनता रोजमर्रा की जिंदगी में महसूस कर रही है। उन्होंने कांग्रेस पर तथ्य छिपाने और नकारात्मक राजनीति करने का आरोप लगाया।

उपनलकर्मियों के आंदोलन पर बोलते हुए भट्ट ने कहा कि सरकार कर्मचारी हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। न्यायालय के आदेशों के क्रियान्वयन हेतु लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और इसके लिए एक उपसमिति भी गठित है, जो उपनलकर्मियों की मांगों पर गंभीरता से विचार कर रही है। उन्होंने कर्मचारियों से अपील की कि वे राजनैतिक बहकावे में न आएं और सरकार पर भरोसा बनाए रखें।

(Visited 2,073 times, 1 visits today)