उत्तराखंड में फिलहाल शुष्क मौसम, मंगलवार से पहाड़ों में बारिश और बर्फबारी के आसार

 

 

 

 

देहरादून। उत्तराखंड में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है, लेकिन आने वाले दो दिनों में राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम का मिज़ाज बदलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहेगा, हालांकि पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। वहीं, मैदानी इलाकों में सुबह के समय हल्का कोहरा परेशानी बढ़ा सकता है। मंगलवार से राज्य के ऊंचाई वाले जिलों में हल्की वर्षा और चोटियों पर हिमपात के आसार हैं, जिससे पारे में गिरावट आने की उम्मीद है।

रविवार को देहरादून और आसपास के इलाकों में सुबह से ही धूप खिली रही। पूरे दिन चटख धूप निकलने से अधिकतम तापमान सामान्य से करीब तीन डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। इन दिनों राज्य के अधिकांश हिस्सों में दिन और रात का तापमान सामान्य से दो से तीन डिग्री सेल्सियस ऊपर बना हुआ है। इससे मैदानी इलाकों में ठंड का असर कम है, हालांकि पहाड़ों में सुबह और शाम के समय ठिठुरन बढ़ने लगी है।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार वातावरण में धूल-मिट्टी और प्रदूषण के कणों की अधिकता के कारण हवा का प्रवाह सामान्य रूप से नहीं हो पा रहा है, जिससे शुष्कता का असर और बढ़ गया है। इस कारण दिन के समय धूप तेज और रात में तापमान गिरने के बावजूद ठंड का अनुभव कम हो रहा है।

मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, सोमवार को उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है, जबकि मैदानी जिलों में कहीं-कहीं उथला कोहरा छाया रह सकता है। मंगलवार को उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में हल्की वर्षा हो सकती है। साथ ही 4000 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्का हिमपात भी संभव है।

उन्होंने बताया कि मंगलवार के बाद मौसम में हल्की ठंडक बढ़ने की संभावना है, जिससे राज्य के अधिकांश हिस्सों में पारा धीरे-धीरे नीचे आएगा। विभाग ने पर्यटकों और पर्वतीय मार्गों पर यात्रा करने वालों को मौसम के अनुरूप तैयारी करने की सलाह दी है।

(Visited 1,557 times, 1 visits today)