मुख्य सचिव ने किया उत्तराखण्ड पुस्तक मेले का शुभारंभ, कहा—किताबें हैं ज्ञान और प्रेरणा का आधार

 

 

 

 

TMP: देहरादून के दून पुस्तकालय एवं शोध संस्थान में शनिवार को उत्तराखण्ड पुस्तक मेला का शुभारंभ मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने किया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न प्रकाशन संस्थानों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया और लेखकों, प्रकाशकों तथा पाठकों से संवाद किया।

मुख्य सचिव ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन न केवल किताबों के प्रति हमारी रुचि को बढ़ाते हैं बल्कि समाज में पठन संस्कृति को पुनर्जीवित करने का भी कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में भी किताबों की प्रासंगिकता कम नहीं हुई है, बल्कि वे आज भी ज्ञान, चिंतन और प्रेरणा का सबसे विश्वसनीय माध्यम हैं।

उन्होंने उपस्थित विद्यार्थियों और युवाओं से अपील की कि वे किताबों को अपना मित्र बनाएं। “आज के युवा वर्ग को किताबों से दोस्ती करनी चाहिए, क्योंकि एक अच्छी पुस्तक हमें दिशा देने के साथ-साथ सोचने की क्षमता भी देती है,” उन्होंने कहा।

कार्यक्रम के दौरान दून पुस्तकालय परिसर में साहित्य, इतिहास, संस्कृति, विज्ञान, पर्यावरण और बाल साहित्य से जुड़ी विविध पुस्तकों के स्टॉल आकर्षण का केंद्र बने रहे। पुस्तक मेले में राज्य के कई प्रमुख प्रकाशकों और लेखकों ने अपनी सहभागिता दर्ज की।

इस अवसर पर पूर्व मुख्य सचिव  एन. एस. नपलच्याल,  एन. रविशंकर, राधा रतूड़ी, और पूर्व डीजीपी अनिल रतूड़ी भी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने पुस्तक मेले के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में ज्ञान और संस्कृति के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

(Visited 583 times, 1 visits today)