राज्यपाल गुरमीत सिंह ने बाबा केदारनाथ धाम में किया रुद्राभिषेक, प्रदेश के विकास के लिए मांगा आशीर्वाद

 

 

 

 

रुद्रप्रयाग: राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) मंगलवार सुबह प्रातः 8:45 बजे बाबा केदारनाथ धाम पहुंचे और भगवान केदारनाथ के दर्शन किए। उन्होंने विशेष रुद्राभिषेक पूजन कर विश्व कल्याण, मानवता की समृद्धि तथा उत्तराखंड राज्य के सतत विकास के लिए आशीर्वाद मांगा।

राज्यपाल ने इस अवसर पर धाम में चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों, यात्रा व्यवस्थाओं और प्रशासनिक तत्परता की सराहना की।

केदार आगमन पर हुआ आत्मीय स्वागत

राज्यपाल के धाम आगमन पर अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा एवं मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र सिंह रावत ने वीआईपी हेलीपैड पर पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इसके बाद राज्यपाल पैदल मार्ग से मंदिर प्रांगण पहुंचे, जहाँ उन्होंने भगवान केदारनाथ का अभिषेक और पूजन-अर्चना कर क्षेत्र की खुशहाली और राज्य की उन्नति की कामना की।

तीर्थ पुरोहित समाज से भेंट और श्रद्धालुओं का अभिवादन

मंदिर परिसर में राज्यपाल ने तीर्थ पुरोहित समाज से भेंट की। पुरोहितों ने पारंपरिक मंत्रोच्चारण और पूजा-विधि के साथ उनका स्वागत किया।

राज्यपाल ने कहा, “केदारघाटी का प्रत्येक कण शिवमय है। यहाँ के पर्वतों में भगवान शिव की उपस्थिति का अनुभव होता है। इस पवित्र भूमि पर कदम रखते ही मन ध्यानमग्न हो जाता है।”

पूजन उपरांत राज्यपाल ने मंदिर प्रांगण में एकत्र श्रद्धालुओं का अभिवादन किया और ‘बोलो बाबा केदारनाथ की जय’ के जयघोष से वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

पुनर्निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण

राज्यपाल ने केदारनाथ धाम में चल रहे पुनर्निर्माण और विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिशासी अभियंता डी.डी.एम. विनय झिंकवाण ने उन्हें विस्तृत जानकारी दी। बताया गया कि अधिकांश पुनर्निर्माण कार्य पूर्ण हो चुके हैं, जबकि शेष कार्य अंतिम चरण में हैं।

राज्यपाल ने कहा कि पिछले तीन वर्षों में यात्रा प्रबंधन और पुनर्निर्माण में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। उन्होंने जिला प्रशासन, मंदिर समिति, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और अन्य सहयोगी एजेंसियों की सराहना की, जिन्होंने चारधाम यात्रा को सफल, सुरक्षित और श्रद्धालु-अनुकूल बनाने में अहम भूमिका निभाई है।

तीर्थ पुरोहितों के लिए भवन निर्माण कार्य लगभग पूर्ण

राज्यपाल को यह भी बताया गया कि तीर्थ पुरोहितों के लिए बनाए जा रहे भवनों का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है तथा भूमि और भवन आवंटन से जुड़े मुद्दों का निराकरण भी किया जा चुका है। राज्यपाल ने इस समन्वित प्रयास के लिए मंदिर समिति और जिला प्रशासन की विशेष रूप से प्रशंसा की।

सेवाभाव और समर्पण के लिए अधिकारियों की सराहना

राज्यपाल ने केदारनाथ में ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों, सुरक्षाकर्मियों और कर्मचारियों से भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन, पुलिस और सेवा दल के सभी सदस्य श्रद्धालुओं को सुविधाजनक यात्रा अनुभव कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

राज्यपाल ने सभी को प्रेरित करते हुए कहा कि हर कर्मचारी पूर्ण निष्ठा और सेवाभाव से कार्य करे, ताकि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो।

(Visited 855 times, 1 visits today)