फेसबुक लाइव पर युवक ने लगाई गंगनहर में छलांग, सुबह मिला शव

 

 

 

मंगलौर: रुड़की में एक युवक ने फेसबुक पर लाइव आकर गंगनहर में छलांग लगाकर जान दे दी। घटना के समय युवक का रिश्तेदार उसे रोकने का प्रयास कर रहा था, लेकिन वह असफल रहा। गुरुवार सुबह युवक का शव गंगनहर से बरामद किया गया।

फेसबुक लाइव के दौरान छलांग

पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान सिदार्थ चौधरी (22 वर्ष), निवासी महलकी थाना जानसट, मुजफ्फरनगर (उप्र) के रूप में हुई है। सिदार्थ पश्चिम बंगाल में प्राइवेट नौकरी करता था और 22 सितंबर को रुड़की के चावमंडी स्थित अपने रिश्तेदार के यहां आया हुआ था।

जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब 1 बजे किसी बात पर नाराज होकर वह घर से निकल गया। जाते समय उसने कहा कि वह अब वापस नहीं आएगा। इसके बाद उसका रिश्तेदार सार्थक चौधरी उसकी तलाश करने लगा। रात करीब साढ़े 12 बजे सिदार्थ उसे आसफनगर झाल पर दिखाई दिया।

सार्थक चौधरी और उनके रिश्तेदार राहुल श्रीवास्तव ने उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन इसी बीच सिदार्थ ने अपना मोबाइल निकाला, फेसबुक लाइव शुरू किया और अचानक गंगनहर में कूद गया।

पुलिस और परिजनों में हड़कंप

यह दृश्य देखकर सार्थक और राहुल दंग रह गए और उन्होंने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया। मौके पर भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई।

गुरुवार सुबह करीब 9 बजे मोहम्मदपुर झाल से सिदार्थ का शव बरामद हुआ।

पुलिस की पुष्टि

प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने बताया कि युवक ने फेसबुक लाइव पर गंगनहर में छलांग लगाई थी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है।

(Visited 637 times, 1 visits today)