मुख्यमंत्री ने धारी देवी मंदिर में की विशेष पूजा, आपदा राहत कार्यों को लेकर दिए सख्त निर्देश

 

 

 

 

TMP :  प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश और आपदा की गंभीर परिस्थितियों के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार को पौड़ी जनपद स्थित पावन धारी देवी मंदिर पहुंचे। चमोली और रुद्रप्रयाग के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेने के बाद मुख्यमंत्री ने मां धारी देवी के चरणों में नतमस्तक होकर प्रदेशवासियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और आपदा से राहत के लिए विशेष पूजा-अर्चना की।

सीएम धामी ने कहा— “मां धारी देवी प्रदेश की आराध्य हैं, और इस संकट की घड़ी में मैं संपूर्ण उत्तराखंड की मंगलकामना लेकर उनके चरणों में आया हूं।”

पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और तीर्थयात्रियों से संवाद किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार हर जरूरतमंद तक राहत पहुंचाने के लिए पूरी तरह प्रयासरत है। श्रद्धालुओं ने चारधाम यात्रा प्रबंधन की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री की कार्यशैली की प्रशंसा की। इंदौर से आए श्रद्धालु संतोष पाठक ने उन्हें “हिंदू हृदय सम्राट” बताते हुए कहा कि आपदा के समय उनकी संवेदनशीलता और नेतृत्व क्षमता प्रेरणादायक है।

मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर और अलकनंदा तट का निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्देश दिए कि नदी किनारों पर भू-कटाव रोकने के लिए सुरक्षा दीवारों का निर्माण कार्य तत्काल शुरू किया जाए। उन्होंने कहा कि कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता से कोई समझौता न हो।

सीएम धामी ने कहा कि आपदा की इस कठिन घड़ी में प्रदेश सरकार हर प्रभावित व्यक्ति के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है और राहत-बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी हैं।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, विधायक आशा नौटियाल, विधायक भरत सिंह चौधरी, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, एसएसपी लोकेश्वर सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

(Visited 332 times, 1 visits today)