देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में साफ कहा कि जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं होगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश में नकली दवाओं के निर्माण और बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए सघन अभियान चलाया जाए। सीएम ने सख्त चेतावनी दी कि इस कारोबार से जुड़े नेटवर्क को ध्वस्त कर कठोरतम कार्रवाई की जाए।
आपदा प्रभावितों को राहत प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि धराली आपदा पीड़ितों का पुनर्वास, राहत और आजीविका की व्यवस्था सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिया कि सचिव राजस्व की अध्यक्षता में गठित समिति जल्द से जल्द रिपोर्ट पेश करे। समिति की सिफारिशों के आधार पर प्रदेश के अन्य आपदा प्रभावित क्षेत्रों में भी व्यापक राहत एवं पुनर्वास कार्य किए जाएंगे।
स्वदेशी अभियान को मिलेगा बल
सीएम धामी ने प्रदेश में व्यापक स्तर पर स्वदेशी अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा।
-
सरकारी खरीद में स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता दी जाए।
-
सरकारी आयोजनों में स्थानीय उत्पादों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित हो।
-
जीएसटी स्लैब में हालिया बदलावों से स्वदेशी वस्तुओं को और बढ़ावा मिलेगा।
अग्निवीरों के लिए विशेष प्रशिक्षण
सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राज्य के अग्निवीरों के लिए पुलिस ट्रेनिंग सेंटरों में समय-समय पर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, ताकि वे और अधिक दक्षता के साथ अपनी सेवाएं दे सकें।
दृष्टि पत्र पर प्रतिबद्ध सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार अपने दृष्टि पत्र के संकल्पों को पूरी प्रतिबद्धता और तेजी के साथ लागू कर रही है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनभावनाओं और आकांक्षाओं को ध्यान में रखते हुए योजनाओं पर युद्धस्तर पर काम किया जाए।
