देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए भगवान श्रीकृष्ण के जीवन चरित्र को संपूर्ण मानव जाति के लिए प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने अधर्म, अन्याय और अत्याचार के विरुद्ध संघर्ष का अद्वितीय संदेश दिया है, जो आज भी उतना ही प्रासंगिक है।
अपने बधाई संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीकृष्ण के जीवन से हमें सत्य, प्रेम, त्याग, शांति, सेवा भाव और सद्भावना की प्रेरणा मिलती है। गीता के उपदेशों के माध्यम से भगवान ने भक्ति, ज्ञान, योग और कर्म के पथ पर चलने का मार्ग दिखाया है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि श्रीकृष्ण मानवता के सच्चे संरक्षक और मार्गदर्शक हैं, जिन्होंने निष्काम कर्म के साथ दीन-दुखियों और उपेक्षित वर्गों के कल्याण का संदेश दिया। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे श्रीकृष्ण के जीवन से प्रेरणा लेकर समाज में प्रेम, भाईचारे और समरसता की भावना को मजबूत करें और प्रदेश के विकास में सक्रिय योगदान दें।
