TMP: देशभर में मानसून पूरे जोर पर है और इसकी तेज बारिश ने कई राज्यों में बाढ़ जैसे हालात पैदा कर दिए हैं। पहाड़ी राज्यों में मानसून जमकर कहर बरपा रहा है, वहीं भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले 7 दिनों तक कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
यूपी में ऑरेंज अलर्ट, बिजली गिरने की चेतावनी
उत्तर प्रदेश में प्रयागराज, झांसी समेत दक्षिणी जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है। बलिया, वाराणसी, इटावा और कानपुर समेत कई जिलों में तेज बारिश और बिजली गिरने की संभावना है। लोगों को सावधान रहने की सलाह दी गई है।
दिल्ली-NCR में फिर लौटेगी उमस, हल्की बारिश की उम्मीद
दिल्ली में अगले कुछ दिनों तक तेज बारिश से राहत तो नहीं मिलेगी, लेकिन उमस और गर्मी फिर से परेशान कर सकती है। मुंडका, नजफगढ़, द्वारका, बहादुरगढ़ और गुरुग्राम में हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी हो सकती है।
उत्तराखंड-हिमाचल में पहाड़ों पर बरसेंगे बादल
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश के साथ तेज हवाएं और बिजली गिरने की आशंका है। पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है।
नॉर्थ ईस्ट में बाढ़ का संकट बरकरार
असम, मेघालय, अरुणाचल, नागालैंड, मणिपुर और त्रिपुरा में मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट जारी है। यहां पहले से बने बाढ़ जैसे हालात और बिगड़ सकते हैं।
मुंबई-गुजरात समेत इन राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने मुंबई, कोंकण और गुजरात के तटीय इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है। वहीं, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, पश्चिम बंगाल, झारखंड और महाराष्ट्र के विदर्भ में भी अगले 7 दिन बारिश का असर दिखेगा।
