देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की संवेदनशील पहल पर उत्तराखंड सरकार ने पत्रकारों और उनके परिवारजनों के लिए विशेष नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया। मंगलवार को सूचना निदेशालय परिसर (रिंग रोड, देहरादून) में आयोजित इस शिविर में 350 से अधिक पत्रकारों एवं उनके परिजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
इस मेडिकल कैंप का आयोजन स्वास्थ्य विभाग और सूचना विभाग की ओर से संयुक्त रूप से किया गया। शिविर का उद्घाटन स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार और महानिदेशक सूचना श्री बंशीधर तिवारी ने किया।
राजकीय दून मेडिकल कॉलेज के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने शिविर में मौजूद रहकर फिजिशियन, हृदय रोग, बाल रोग, स्त्री रोग, नेत्र, ईएनटी, अस्थि, मानसिक स्वास्थ्य, त्वचा, दंत रोग, सर्जरी और न्यूरो जैसी प्रमुख चिकित्सकीय सेवाएं उपलब्ध कराईं।
इसके साथ ही मौके पर ही पैथोलॉजी जांच, आभा आईडी, वय वंदन कार्ड बनाने की सुविधा भी दी गई।
स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा, “मीडिया कर्मियों की व्यस्त दिनचर्या को देखते हुए यह शिविर एक जरूरी पहल है, जिसमें एक ही स्थान पर विशेषज्ञ डॉक्टरों ने समग्र स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराई।”
महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी ने आश्वासन दिया कि “आगे भी इस तरह के स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन होता रहेगा, ताकि पत्रकारों के स्वास्थ्य की देखभाल सुनिश्चित की जा सके।”
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, “पत्रकार समाज के लिए दिन-रात काम करते हैं, इसलिए सरकार का दायित्व है कि उनके स्वास्थ्य का भी विशेष ध्यान रखा जाए। यह शिविर पत्रकार हित में हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है।”
शिविर में कई पत्रकारों को शुगर, बीपी और दृष्टि दोष जैसी समस्याओं की पहचान पहली बार हुई, जिनका तत्काल परामर्श और दवा के माध्यम से उपचार भी प्रारंभ किया गया।
यह आयोजन न केवल एक सेहतमंद समाज की दिशा में उठाया गया कदम है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि उत्तराखंड सरकार पत्रकारों के हितों को लेकर सजग और संवेदनशील है।
