हेमवती नंदन बहुगुणा जयंती: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने की श्रद्धांजलि अर्पित, कहा – ‘वे हिमालय जैसे अडिग और दृष्टिवान नेता थे’

 

 

 

देहरादून:  उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और देश की राजनीति के प्रेरणास्रोत रहे स्वर्गीय हेमवती नंदन बहुगुणा की जयंती पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घंटाघर स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इस अवसर पर उन्होंने बहुगुणा जी के राजनीतिक, सामाजिक और सांस्कृतिक योगदान को याद करते हुए उन्हें ‘हिमालय की तरह अडिग व्यक्तित्व’ बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बहुगुणा जी का जीवन संघर्षों से भरा रहा, लेकिन वे हर चुनौती के सामने अडिग रहे। उन्होंने न केवल भारतीय राजनीति को नई दिशा दी, बल्कि पर्वतीय क्षेत्रों के समग्र विकास की एक स्पष्ट सोच और दृष्टिकोण भी प्रस्तुत किया। अपनी विलक्षण प्रतिभा और जनसेवा के प्रति समर्पण के कारण वे जनमानस के हृदय में अमिट स्थान रखते हैं।

कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, विधायक उमेश शर्मा काऊ, सविता कपूर और मेयर  सौरभ थपलियाल ने भी बहुगुणा जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि हेमवती नंदन बहुगुणा का जीवन आज के युवाओं के लिए एक प्रेरणा स्रोत है, और उनका विज़न आज भी उत्तराखंड के विकास मार्ग को दिशा देता है।

(Visited 1 times, 1 visits today)