TMP : आसन कंजर्वेशन रिजर्व में वर्षों बाद एक अनोखा नज़ारा देखने को मिला, जब पक्षी गणना के दौरान दुर्लभ पलाश फिश ईगल का जोड़ा नजर आया। इस अनमोल खोज से वन विभाग और पक्षी प्रेमी गदगद हो उठे। इस साल की गणना में कुल 5,225 पक्षी दर्ज किए गए, जिनमें 117 प्रजातियों के स्थानीय और प्रवासी पक्षी शामिल हैं।
प्रवासी पक्षियों की चहचहाहट से गूंज उठा आसन बैराज
हर साल सर्दियां आते ही साइबेरिया, यूरोप, ईरान, इराक और अफगानिस्तान से हजारों प्रवासी पक्षी आसन झील का रुख करते हैं, जिससे यह झील एक जैव विविधता का स्वर्ग बन जाती है। इस बार गणना में रेड क्रेस्टेड, गेडवाल, मलाड और कूड जैसे पक्षी भी देखे गए।
पक्षी प्रेमियों की पहली पसंद बनी आसन झील
दुर्लभ पलाश फिश ईगल के दीदार के लिए सैलानियों और पक्षी प्रेमियों की भारी भीड़ उमड़ रही है। लोग झील की खूबसूरती और प्रवासी पक्षियों की अद्भुत उड़ानों को अपने कैमरों में कैद करने में मशगूल हैं।
मार्च तक रहेगा पक्षियों का मेला!
पक्षी विशेषज्ञ प्रदीप सक्सेना के अनुसार, अक्टूबर के पहले हफ्ते में प्रवासी पक्षियों का आना शुरू हो जाता है और फरवरी के अंत तक ये अपने देश लौटने लगते हैं। यानी मार्च तक आसन झील पक्षी प्रेमियों के लिए एक आदर्श गंतव्य बनी रहेगी।
तो अगर आप भी प्रकृति की इस खूबसूरत झलक का लुत्फ उठाना चाहते हैं, तो आसन झील घूमने का यह सुनहरा मौका हाथ से न जाने दें!