TMP: दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास सोमवार शाम एक i20 कार में जोरदार धमाका हुआ, जिसमें 8 लोगों की मौत हो गई और 24 से अधिक लोग घायल हो गए। धमाके के बाद मौके पर भगदड़ मच गई और आसपास खड़ी तीन अन्य गाड़ियों में भी आग लग गई। घायलों को तुरंत एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
धमाके की सूचना फायर ब्रिगेड को शाम 6 बजकर 55 मिनट पर मिली थी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 10 से ज्यादा गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने में जुट गईं। धमाके की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी, जिससे आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी मच गई।
गृह मंत्री अमित शाह ने एलएनजेपी अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल लिया और अधिकारियों को घटना की विस्तृत जांच के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि “दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।”
वहीं, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने घायलों से मुलाकात की और कहा कि सरकार पीड़ितों के साथ खड़ी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो और सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं तत्काल मुहैया कराई जाएं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस दर्दनाक घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा—
“आज शाम दिल्ली में हुए विस्फोट में अपनों को खोने वालों के प्रति संवेदना। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। प्रभावित लोगों की सहायता अधिकारी कर रहे हैं। गृह मंत्री अमित शाह जी और अन्य अधिकारियों के साथ स्थिति की समीक्षा की।”
फिलहाल पुलिस और फॉरेंसिक टीमें मौके पर मौजूद हैं। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि धमाका कार में लगी CNG से हुआ या किसी अन्य कारण से। पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया है और जांच जारी है।
