देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को आईटी पार्क स्थित राज्य आपदा परिचालन केंद्र से प्रदेशभर में अतिवृष्टि से प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने चमोली जनपद के नंदानगर क्षेत्र में राहत एवं बचाव कार्यों को और अधिक गति देने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
सीएम धामी ने जिलाधिकारी चमोली संदीप तिवारी से आपदा प्रभावित गांवों की जानकारी ली और गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के लिए एम्स ऋषिकेश एयरलिफ्ट किए जाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री के निर्देश
-
प्रभावित क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, विद्युत व नेटवर्क कनेक्टिविटी को शीघ्र बहाल किया जाए।
-
प्रभावित लोगों के लिए आश्रय, भोजन, स्वच्छ पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की जाए।
-
हर प्रभावित क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में चिकित्सक और दवाएं उपलब्ध कराई जाएं।
-
प्रत्येक प्रभावित परिवार तक राहत सामग्री शीघ्र पहुँचाई जाए।
राहत और बचाव
-
सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस बल सक्रिय हो गए।
-
बड़ी संख्या में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर निकाला गया।
-
वर्तमान में क्षेत्र में राहत और बचाव कार्य समन्वय और तत्परता से जारी हैं।
बैठक में मौजूद अधिकारी
इस अवसर पर उपाध्यक्ष आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति विनय रोहिल्ला, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन, गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडेय सहित आपदा प्रबंधन से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
