देहरादून: CM पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को परेड ग्राउंड स्थित बहुद्देशीय क्रीड़ा हॉल में 87वीं इंटर स्टेट जूनियर एवं यूथ नेशनल टेबल टेनिस चैंपियनशिप का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्वयं टेबल टेनिस खेलकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन भी किया।
मुख्यमंत्री ने देशभर से आए खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए कहा कि उत्तराखंड के लिए यह गर्व का विषय है कि पहली बार इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर मिला है। उन्होंने भारतीय टेबल टेनिस महासंघ का आभार भी व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण का सशक्त आधार है। खेल अनुशासन, धैर्य, टीम भावना और लक्ष्य के प्रति समर्पण जैसे मूल्यों को विकसित करते हैं, जो युवाओं को हर क्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रेरित करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि टेबल टेनिस एक ऐसा खेल है जिसमें गति, संतुलन, तकनीक और मानसिक दृढ़ता का समन्वय आवश्यक होता है। यह खेल खिलाड़ियों को त्वरित निर्णय क्षमता, रणनीतिक सोच और आत्मविश्वास के साथ चुनौतियों का सामना करना सिखाता है।
उन्होंने नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेल संस्कृति को मिली नई दिशा का उल्लेख करते हुए खेलो इंडिया और फिट इंडिया मूवमेंट जैसे अभियानों को सराहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ओलंपिक, पैरालंपिक, एशियाई खेलों और कॉमनवेल्थ खेलों में भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन देश के लिए गौरव का विषय है। राज्य सरकार भी खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देने और खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि 38वें राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन से उत्तराखंड को ‘देवभूमि’ के साथ-साथ ‘खेलभूमि’ के रूप में पहचान मिली है, जिसमें राज्य के खिलाड़ियों ने 103 पदक जीतकर नया कीर्तिमान स्थापित किया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजान दास, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, राज्य स्तरीय खेल परिषद के अध्यक्ष कुलदीप बुटोला, उपाध्यक्ष हेमराज बिष्ट, विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा तथा उत्तराखंड टेबल टेनिस एसोसिएशन के अध्यक्ष चेतन गुरुंग सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।