हरिद्वार: केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने हरिद्वार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में भ्रष्टाचार के कई आरोप लगे, जबकि भाजपा के नौ वर्षों के शासन में विपक्ष भी किसी बड़े भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा सका।
शाह ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस बिखर गई है और चर्चा करने के बजाय हंगामा कर संसद को चलने न देने की नीति अपनाई जा रही है।
कांग्रेस सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
गृह मंत्री ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में हरीश रावत प्रकरण, दलित छात्रवृत्ति घोटाला, कमीशन एजेंटों से घिरा सचिवालय, शराब नीति स्टिंग कांड और कुमाऊं क्षेत्र का खाद्यान्न घोटाला जैसे कई मामले सामने आए। इसके विपरीत भाजपा सरकार ने पारदर्शी तरीके से शासन चलाया है।
केंद्र से उत्तराखंड को बढ़ी आर्थिक सहायता
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि 2004 से 2014 तक कांग्रेस सरकार के दौरान उत्तराखंड को लगभग 54 हजार करोड़ रुपये की केंद्रीय सहायता मिली, जबकि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2014 से 2024 के बीच राज्य को 1 लाख 87 हजार करोड़ रुपये की सहायता दी गई।
उन्होंने कहा कि राज्य में केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धामों के विकास के लिए करीब 12 हजार करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसके अलावा 900 किलोमीटर लंबा चारधाम महामार्ग, 8 हजार करोड़ रुपये का दिल्ली–देहरादून आर्थिक कॉरिडोर, 5 हजार करोड़ रुपये से 30 राजमार्गों का निर्माण, टनकपुर क्षेत्र में 2200 करोड़ रुपये से आठ मार्गों का निर्माण और नजीबाबाद–अफजलगढ़ बाइपास का निर्माण कराया गया है। साथ ही पुरकाजी–लक्सर–हरिद्वार मार्ग का भी नवीनीकरण किया गया।
बजट, आय और जीडीपी में वृद्धि का दावा
गृह मंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 में उत्तराखंड का औसत बजट लगभग 187 करोड़ रुपये था, जो भाजपा सरकार में बढ़कर 4470 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।
उन्होंने बताया कि राज्य में 26 हजार करोड़ रुपये के तीन नए रेल प्रोजेक्ट, 303 किलोमीटर रेलवे लाइनों का विद्युतीकरण, और 147 रेलवे स्टेशनों का अमृत भारत योजना के तहत नवीनीकरण किया जा रहा है।
इसके साथ ही ऋषिकेश से कर्णप्रयाग तक देश की सबसे लंबी रेल सुरंग का निर्माण किया जा रहा है और राज्य में सौ से अधिक फ्लाईओवर व अंडरब्रिज बनाए गए हैं।
जनकल्याण योजनाओं का जिक्र
अमित शाह ने कहा कि वर्ष 2014 में उत्तराखंड की प्रति व्यक्ति आय 1.25 लाख रुपये थी, जो नौ वर्षों में बढ़कर 2.60 लाख रुपये हो गई है। वहीं राज्य की जीडीपी 1.5 लाख करोड़ से बढ़कर 3.5 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गई है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से हजारों किसानों को लाभ मिला, जबकि जल जीवन मिशन के तहत 14 लाख घरों तक पानी पहुंचाया गया।
आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से 62 लाख लोगों को पांच लाख रुपये तक मुफ्त इलाज का लाभ मिला। इसके अलावा 5.80 लाख घरों में शौचालय, 60 लाख लोगों को मुफ्त राशन और प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत 5.31 लाख महिलाओं को गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए गए।
जनता के सामने विकल्प की बात
अमित शाह ने कहा कि एक ओर भ्रष्टाचार और अव्यवस्था फैलाने वाली तथा उत्तराखंड निर्माण का विरोध करने वाली कांग्रेस है, जबकि दूसरी ओर चारधाम यात्रा को बढ़ावा देने, युवाओं को रोजगार देने, समान नागरिक संहिता लागू करने, नागरिकता संशोधन अधिनियम के माध्यम से नागरिकता देने और घुसपैठ रोकने के लिए काम करने वाली भाजपा सरकार है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता को इन दोनों के बीच अपने भविष्य का चयन करना है।
