देहरादून: केंद्र सरकार ने उत्तराखंड के आधारभूत ढांचे और पूंजीगत विकास परियोजनाओं को गति देने के लिए ₹451.63 करोड़ की विशेष सहायता (ऋण) की पहली किस्त मंजूर की है। यह राशि वित्त वर्ष 2026-27 के लिए ‘पूंजीगत निवेश हेतु राज्यों को विशेष सहायता योजना’ (Special Assistance to States for Capital Investment) के तहत स्वीकृत की गई है।
भारत सरकार के वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह धनराशि योजना के भाग-1 (अनटाइड) के अंतर्गत उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे राज्य में विभिन्न स्वीकृत पूंजीगत परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा सकेगा।
सीएम धामी ने जताया आभार
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस वित्तीय सहायता के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार लगातार उत्तराखंड के विकास में सहभागी की भूमिका निभा रही है और यह सहायता राज्य की विकास योजनाओं को नई गति देगी।
इन क्षेत्रों को मिलेगा बड़ा लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस राशि से सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, पर्यटन और अन्य आधारभूत अवसंरचना परियोजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आएगी। इससे विकास कार्यों को समय पर पूरा करने में मदद मिलेगी और राज्य के समग्र विकास को नई मजबूती मिलेगी।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार इस धनराशि का उपयोग भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूर्ण पारदर्शिता, गुणवत्ता और जनहित को प्राथमिकता देते हुए करेगी, ताकि पूंजीगत परियोजनाओं के माध्यम से उत्तराखंड के सतत और समावेशी विकास को और गति मिल सके।
