विकास कार्यों में देरी पर सख्ती, मंत्री कैड़ा ने अधिकारियों को दिए समयबद्धता के निर्देश

 

 

 

 

देहरादून: कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने शुक्रवार को शहरी विकास, जलागम प्रबंधन और पर्यावरण विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर विभिन्न योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने जनहित से जुड़े कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

मंत्री ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में लापरवाही और अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को विभागीय योजनाओं की नियमित निगरानी के साथ प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने और बजट का पारदर्शी व शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

शहरों में पेयजल, सीवरेज और सफाई व्यवस्था पर जोर

शहरी विकास विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री ने शहरों में पेयजल वितरण, सीवरेज लाइन, स्ट्रीट लाइट और सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माणाधीन बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को तय समय में पूरा किया जाए, ताकि लंबे समय तक जनता को असुविधा का सामना न करना पड़े।

जल स्रोतों के पुनरुद्धार को मिले प्राथमिकता

जलागम विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए कैड़ा ने जल संरक्षण और संवर्धन से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर धरातल पर उतारने को कहा। खासतौर पर ग्रामीण और पर्वतीय क्षेत्रों में सूखते जल स्रोतों के पुनरुद्धार के लिए ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए गए।

पर्यावरण संरक्षण के साथ विकास पर फोकस

पर्यावरण विभाग को पौधरोपण और प्लास्टिक उन्मूलन अभियानों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। मंत्री ने विकास परियोजनाओं के साथ पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने और प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा।

जनसमस्याओं में देरी पर तय होगी जवाबदेही

मंत्री राम सिंह कैड़ा ने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक विभाग अपनी प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से प्रस्तुत करे। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के समाधान में अनावश्यक देरी होने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। बैठक में शहरी विकास, जलागम प्रबंधन और पर्यावरण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

(Visited 50 times, 1 visits today)