देहरादून: CM पुष्कर सिंह धामी ने चार धाम यात्रा-2026 की तैयारियों को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि चार धाम यात्रा प्रदेशवासियों के लिए एक अत्यंत महत्वपूर्ण अवसर है, जिसमें उत्तराखण्डवासी देश-दुनिया से आने वाले श्रद्धालुओं का आत्मीय स्वागत करते हैं। इस वर्ष यात्रा का शुभारंभ 19 अप्रैल से होने जा रहा है, जिसके लिए सभी तैयारियां युद्धस्तर पर जारी हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि यात्रा को सुरक्षित, सुचारू और व्यवस्थित बनाने के लिए सड़क सुदृढ़ीकरण, अवस्थापना विकास, दर्शन व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन और परिवहन सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि यात्रा मार्गों पर पेयजल, शौचालय, स्वास्थ्य सेवाएं और यातायात प्रबंधन जैसी मूलभूत सुविधाएं हर हाल में सुनिश्चित की जाएं।
उन्होंने जानकारी दी कि वर्ष 2025 में प्राकृतिक आपदाओं के कारण यात्रा डेढ़ महीने से अधिक समय तक बाधित रही, इसके बावजूद 51 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने चार धाम के दर्शन किए। वहीं, वर्ष 2026 के लिए अब तक 10 लाख से अधिक श्रद्धालु पंजीकरण करा चुके हैं। गढ़वाल मंडल विकास निगम के अतिथि गृहों में 5 करोड़ रुपये से अधिक की अग्रिम बुकिंग हो चुकी है, जो यात्रा को लेकर बढ़ते उत्साह को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा का सामना न करना पड़े और सभी को सुरक्षित व सुखद दर्शन कराए जाएं। इसके लिए शासन-प्रशासन को लगातार सतर्क रहने और व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि यात्रा से जुड़े सभी हितधारकों—जैसे होटल व अतिथि गृह संचालक, ढाबा संचालक, टैक्सी व परिवहन सेवा प्रदाता—के साथ समन्वय स्थापित कर लिया गया है, ताकि बेहतर सेवाएं सुनिश्चित की जा सकें।
मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि प्रशासन समय-समय पर यात्रा से जुड़ी आवश्यक जानकारी श्रद्धालुओं तक पहुंचाता रहेगा, जिससे वे अपनी यात्रा को बेहतर ढंग से योजना बना सकें। साथ ही उन्होंने संकेत दिए कि वे स्वयं भी जल्द ही चार धाम यात्रा की तैयारियों की समीक्षा करेंगे।
राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से चार धाम यात्रा-2026 को और अधिक सुव्यवस्थित, सुरक्षित और श्रद्धालु-अनुकूल बनाने का लक्ष्य रखा गया है।