जनसेवा, सादगी और समर्पण की मिसाल थे हरबंस कपूर—80वीं जयंती पर मुख्यमंत्री धामी ने किया भावपूर्ण स्मरण”

 

 

 

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को हरबंस कपूर मेमोरियल सामुदायिक भवन, गढ़ीकैंट देहरादून में स्वर्गीय  हरबंस कपूर की 80वीं जयंती के अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में प्रतिभाग कर उन्हें नमन किया। मुख्यमंत्री ने स्व. कपूर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके प्रति श्रद्धा सुमन अर्पित किए।

मुख्यमंत्री धामी ने अपने संबोधन में कहा कि स्व. हरबंस कपूर केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि जनसेवा, सादगी और संवेदनशीलता के प्रतीक थे। उनका पूरा जीवन समाज और जनता के हितों को समर्पित रहा, जो आज भी हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में स्व. कपूर का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा और उनकी कार्यशैली आने वाली पीढ़ियों को मार्गदर्शन देती रहेगी।

मुख्यमंत्री ने स्व. कपूर के साथ बिताए अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि वे हर वर्ग की पीड़ा को समझने वाले नेता थे। राज्य के विकास से जुड़े प्रत्येक विषय पर वे सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ते थे और समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुँचाने के लिए सतत प्रयासरत रहते थे।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने भी स्व. हरबंस कपूर को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्हें एक आदर्श जननेता बताया। उन्होंने कहा कि स्व. कपूर उनके राजनीतिक गुरु थे और उनके मार्गदर्शन ने उनके राजनीतिक जीवन को दिशा दी। मंत्री जोशी ने कहा कि जनसेवा के प्रति स्व. कपूर का समर्पण और राज्य के विकास में उनका योगदान सदैव अनुकरणीय और स्मरणीय रहेगा।

श्रद्धांजलि समारोह में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और गणमान्य व्यक्तियों ने भी स्व. हरबंस कपूर के योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

(Visited 846 times, 1 visits today)